नीमच, 31 जुलाई। विश्व मानव दुर्व्यापार निरोधी दिवस के अवसर पर नीमच पुलिस द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह के नेतृत्व में महिला सुरक्षा शाखा एवं जन साहस संस्था द्वारा कमला नेहरू कॉलोनी झुग्गी बस्ती, मनासा बस्ती क्षेत्र में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और नौकरी, विवाह अथवा अन्य प्रलोभनों के नाम पर दिए जाने वाले झूठे आश्वासनों से सतर्क रहें। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने तथा बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने मानव तस्करी को गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए इसके खिलाफ समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को मानव दुर्व्यापार के विरुद्ध जागरूक रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, जिला समन्वयक जन साहस संस्था जितेंद्र कुमार खुमार सुनारतिया, संस्था सदस्य समीर मंसुरी, अनिता दुर्गज सहित महिला सुरक्षा कार्यालय नीमच का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।