नीमच, 4 अगस्त। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिना नंबर की अल्टो कार से अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा 36 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लासुर-मोरवन रोड स्थित नागेश्वर मंदिर के सामने से एक अल्टो कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार से 36 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

राकेश चौधरी (32) निवासी ओझा का वास, ग्राम बुडकिया, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) संजय जाट (32) निवासी बीचली बास, सोपरा, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर (राजस्थान) पुलिस ने डोडाचूरा के साथ अल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना जावद में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और नेटवर्क की जांच के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन तथा चौकी सरवानिया महाराज के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।