नीमच। जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। कलेक्टर कार्यालय (भू-संसाधन प्रबंधन) द्वारा जारी 12 अगस्त 2026 के दैनिक वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 305.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले की औसत वर्षा 76.3 मिमी रही। जावद तहसील में सबसे अधिक 85 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मनासा में 78 मिमी,सिंगोली में 74.2 मिमी तथा नीमच में 68 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
1 जून 2026 से अब तक जिले में कुल 1823.2 मिमी संचयी वर्षा दर्ज हो चुकी है। तहसीलवार आंकड़ों में सिंगोली 522.7 मिमी के साथ सबसे आगे है, जबकि नीमच में 504.5 मिमी, मनासा में 419 मिमी और जावद में 377 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले की औसत संचयी वर्षा 455.8 मिमी पहुंच गई है।
पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 2899.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक वर्षा का आंकड़ा उससे कम बना हुआ है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रही बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है, हालांकि अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। भू-अभिलेख एवं भू-प्रबंधन विभाग ने सभी तहसीलों से वर्षा की नियमित निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।