नीमच। हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान को बचाने की मांग को लेकर मैदान बचाओ समिति द्वारा शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजार बरादारी से जाजू बिल्डिंग तक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान को शहरवासियों का जबरदस्त समर्थन मिला। समिति के अनुसार, अभियान के दौरान एक हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर मैदान बचाने की मांग का समर्थन किया। बरादारी से जाजू बिल्डिंग के बीच चले इस अभियान में बाजार के दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान के दौरान पूरा बाजार मैदान को बचाने के पक्ष में नजर आया। लोगों ने हस्ताक्षर कर स्पष्ट किया कि हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान शहर की महत्वपूर्ण सार्वजनिक धरोहर है और इसे सुरक्षित रखना जनहित में जरूरी है।
लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना
मैदान बचाओ समिति ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा शहरवासियों तक पहुंचकर उन्हें इस मुहिम से जोड़ना है, ताकि मैदान बचाने की मांग को व्यापक जनसमर्थन मिल सके। समिति का कहना है कि अब भी समय है कि जनप्रतिनिधि, शासन और प्रशासन शहर की भावना को समझें और जनहित को सर्वोपरि मानते हुए मैदान को बचाने के संबंध में उचित निर्णय लें।
हस्ताक्षरों के साथ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिम्मेदारों तक पहुंचेगा पत्र समिति द्वारा अभियान के दौरान एकत्र किए जा रहे हस्ताक्षरों को एक लिखित पत्र के साथ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई है। समिति का उद्देश्य है कि शहरवासियों की लिखित भावना सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचे और मैदान के संरक्षण को लेकर सकारात्मक निर्णय हो।
जिम्मेदार नहीं समझे तो आंदोलन होगा और तेज समिति ने कहा कि यदि शहर की भावना को नहीं समझा गया और मैदान बचाने की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति के अनुसार यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि जनहित और आने वाली पीढ़ियों के लिए मैदान बचाने की मुहिम है।
15 अगस्त को हायर सेकेंडरी मैदान से निकलेगी तिरंगा यात्रा
मैदान बचाओ अभियान के अगले चरण के रूप में 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत सुबह 9 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान से होगी। तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी और इसके माध्यम से मैदान बचाने के साथ-साथ जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि 15 अगस्त को सुबह 9 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान पहुंचकर तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और मैदान बचाने की इस जनमुहिम को अपना समर्थन दें। मैदान बचाओ समिति का संकल्प है—मैदान बचेगा, तो शहर के बच्चों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहेगा।