नीमच, 14 अगस्त 2026।
श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विजिया मित्र मंडल द्वारा 25वीं भव्य पैदल कावड़ यात्रा का आयोजन रविवार, 16 अगस्त 2026 को किया जाएगा। यह यात्रा नीमच से प्रारंभ होकर नीलकंठ महादेव (बोरखेड़ी) तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों, बैंड-बाजों एवं मधुर शिव भजनों के साथ भक्तिमय वातावरण में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 7 बजे बावड़ी वाले बालाजी (खाटूश्याम) मंदिर में पवित्र गंगाजल एवं कावड़ का पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 8बजे कावड़ यात्रा का शुभारंभ होगा।

यात्रा का मार्ग श्रीराम मंदिर (जाजू बिल्डिंग), घंटाघर, बड़े बालाजी मंदिर, बारादरी चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, नीमच सिटी, पिपली चौक एवं स्वामी विवेकानंद कॉलेज होते हुए लक्ष्मी मंगल वेयरहाउस तक रहेगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार एवं प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद यात्रा ग्राम गिरदौड़ा, रेवली-देवली मार्ग से होते हुए नीलकंठ महादेव, बोरखेड़ी पहुंचेगी।

मंदिर परिसर में दोपहर 12:15 बजे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं विशेष पूजन होगा। इसके उपरांत शिव भजन संध्या आयोजित की जाएगी तथा दोपहर 1 बजे महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। आरती के पश्चात यात्रा का समापन एवं विश्राम होगा।

उल्लेखनीय है कि विजिया मित्र मंडल पिछले 24 वर्षों से निरंतर इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन कर रहा है और इस वर्ष यात्रा का 25वां आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की विशेषता यह है कि विभिन्न कावड़िए अपनी-अपनी कावड़ों को शिवलिंग, धनुष-बाण, तिरंगा, मंदिर एवं गंगाजल की आकर्षक झांकियों से सजाकर देशभक्ति एवं शिवभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हैं।

विजिया मित्र मंडल सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों में भी निरंतर सक्रिय है। मंडल पिछले 25 वर्षों से हरिद्वार लावारिस अस्थि कलश यात्रा का संचालन कर रहा है। अब तक लगभग 750 लावारिस अस्थि कलशों का हरिद्वार में मां गंगा के पावन तट पर पूर्ण वैदिक विधि-विधान से विसर्जन एवं तर्पण कराया जा चुका है।

इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा पिछले 8 वर्षों से पक्षी आहार केंद्र का संचालन किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन लगभग 50 किलोग्राम मक्का कबूतरों एवं अन्य पक्षियों के लिए उपलब्ध कराया जाता है। धार्मिक सेवा के साथ-साथ जीव सेवा के इन कार्यों के कारण विजिया मित्र मंडल क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है।

मंडल ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।