नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैदान बचाओ समिति द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान को बचाने की मांग को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा और शहरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और मन में मैदान बचाने का संकल्प लिए लोगों ने देशभक्ति के साथ एकता, जनजागरण और जनहित का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान से हुई। यात्रा कमल चौक,फव्वारा चौक,बरादारी, घंटाघर,भारत माता चौराहा, लायंस पार्क और एलआईसी होते हुए वापस हायर सेकेंडरी मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर निकली इस यात्रा में तिरंगे के साथ मैदान बचाने की आवाज भी बुलंद हुई। यात्रा में शामिल लोगों ने एकजुट होकर संदेश दिया कि हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि शहर के बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। तिरंगे के साथ एकता और जनहित का संदेश यात्रा ने शहरवासियों के बीच एकता और जागरूकता का संदेश दिया। विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ कदम से कदम मिलाकर चले और मैदान बचाने की मुहिम को अपना समर्थन दिया। समिति ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य शहरवासियों को जागरूक करने के साथ-साथ शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शहर की भावना समझने, गंभीरता से सोचने और जनहित में उचित निर्णय लेने के लिए चेताना है।

शहर की भावना समझें, जनहित को सर्वोपरि रखें,मैदान बचाओ समिति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देशहित और जनहित के लिए एकजुट होकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। इसी भावना के साथ शहरवासी मैदान बचाने की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं। समिति ने जिम्मेदारों से अपील की कि शहर की भावना को समझें, बच्चों और खिलाड़ियों के भविष्य के बारे में सोचें और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लें। समिति ने स्पष्ट किया कि मैदान बचाने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी और अधिक से अधिक शहरवासियों को इससे जोड़ा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की शान के साथ उठा यह संदेश—एकता में शक्ति है और शहर के भविष्य के लिए जनहित की आवाज को मजबूती से उठाना भी हमारी जिम्मेदारी है।