खोर। आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल,आदित्य बिरला हायर सेकेंडरी स्कूल तथा विक्रम सीमेंट वर्क्स द्वारा संयुक्त रूप से 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रम सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड एवं चेयरमैन ऑफ आदित्य बिरला स्कूल श्री आवास मिश्रा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। विक्रम सीमेंट की सुरक्षा दस्ता द्वारा शानदार परेड प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर श्रीमती ममता मिश्रा,अध्यक्ष-राजश्री महिला मंडल रहीं। इस अवसर पर श्री अनंत शर्मा,एफएचआर एवं सचिव आदित्य बिरला स्कूल्स,श्री डी.के. सिंह,एफएच प्रोजेक्ट,श्री अक्षय जैन,एफएच टेक्निकल,श्री आशीष हिंगर,एफएच फाइनेंस एंड कॉमर्शियल,श्री भूपेंद्र खोरपिया,एफएच माइंस तथा श्री राजेश सैनी,एफएच प्रोजेक्ट (सिविल हेड) सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के दौरान वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को देशप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की अभिनय कला एवं प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में सत्र 2025-26 में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा खेल गतिविधियों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। IDEATHON, NAEST, National Level Biathle, Tape Ball Cricket, Swimming Para एवं YUVIKA by ISRO सहित विभिन्न उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल,प्रमाण-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री आवास मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीर शहीदों का बलिदान हमें सिखाता है कि राष्ट्रप्रेम ही सर्वोपरि है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, सहयोग,ईमानदारी एवं देश के प्रति सच्ची निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय, समाज एवं देश को उन्नत, सक्षम एवं समृद्ध बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को विक्रम सीमेंट के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम आदित्य बिरला हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या सुश्री रिंकू बनर्जी एवं आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती प्रियदर्शिनी चौहान के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं मिठाई वितरण के साथ राष्ट्रीय पर्व का समापन हुआ।