नयागांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का संदेश लेकर मंदसौर से दिल्ली के लाल किले तक साइकिल से निकली तिरंगा यात्रा का नयागांव में युवाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। भारत सरकार के पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अंतर्गत National CAMPA के Monitoring Group के सदस्य विनय जांगिड़ शर्मा के नेतृत्व में यह यात्रा सुवासरा विधानसभा क्षेत्र से होकर आगे बढ़ रही है। यात्रा में शामिल साइकिल सवार हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के भाव के साथ आगे बढ़ रहे हैं। नयागांव पहुंचने पर युवाओं ने यात्रा का स्वागत कर तिरंगा यात्रियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। विनय जांगिड़ शर्मा ने कहा कि मंदसौर से दिल्ली के लाल किले तक साइकिल पर तिरंगा लेकर निकलने का उद्देश्य देश की एकता,अखंडता और राष्ट्रगौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा का प्रत्येक पड़ाव युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहा है। नयागांव के युवाओं ने यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि तिरंगे के सम्मान और देश की एकता का संदेश लेकर निकली यह यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। हर पैडल के साथ तिरंगे का सम्मान और भारत की शान आगे बढ़ रही है।