मनासा। देवरी खवासा गांव में अच्छी बारिश एवं इंद्रदेव को प्रसन्न करने की कामना को लेकर परंपरागत रूप से उज्जैनी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित जोड़ा बावजी के समक्ष पशुओं को निकाला और परंपरा का निर्वहन किया। इसके बाद ग्रामीण गांव के विभिन्न मंदिरों में पहुंचे,जहां देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। मंदिरों में हवन का आयोजन भी हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान ग्रामीणों ने इंद्रदेव से क्षेत्र में पर्याप्त एवं अच्छी वर्षा की कामना की, ताकि किसानों की फसलों को समय पर पर्याप्त पानी मिल सके। उज्जैनी पर्व के आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया यह पर्व ग्रामीण संस्कृति और आस्था का प्रतीक बना।