नीमच। सावन के पावन अवसर पर रविवार को नीमच में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बगीचा नंबर 10 एवं 13 के रहवासियों द्वारा आयोजित कांवड़ यात्रा में करीब 200 महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कांवड़ियों ने किलेश्वर महादेव मंदिर से पवित्र जल लेकर मुक्तेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा की शुरुआत किलेश्वर महादेव मंदिर से हुई। श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कांवड़ में धारण किया और ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ मुक्तेश्वर धाम की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर रहा। महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।बमुक्तेश्वर धाम पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने किलेश्वर महादेव मंदिर से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं समाज के कल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सावन माह में शिव आराधना को जीवन में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बताया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे और भक्तिमय माहौल बना रहा।