नीमच। पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार के मौके पर नीमच जिले का प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर अद्भुत और अलौकिक शृंगार से जगमगा उठा है। देवाधिदेव महादेव के दरबार को देश के अलग-अलग कोनों से मंगवाए गए 101 क्विंटल रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। सावन के इस पावन पर्व पर पूरा मंदिर परिसर फूलों की भीनी-भीनी महक और शंख-घंटियों की गूंज से सराबोर हो गया है।
देशभर से मंगाए गए दुर्लभ फूल:-भगवान भोलेनाथ के इस भव्य शृंगार के लिए विशेष तैयारियां की गईं। नासिक से मंगाए गए ताजे गुलाब, हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत सेवंती, महकती रजनीगंधा, दिल्ली के विशिष्ट फ्लावर और पुणे तथा हिमाचल के अन्य हिस्सों से करीब 101 क्विंटल तरह-तरह के फूल नीमच मंगवाए गए। रेलवे स्टेशन रोड स्थित मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर के गर्भगृह तक को फूलों की ऐसी कलात्मक चादर से सजाया गया है कि हर आने वाला भक्त देखता ही रह जा रहा है।
युवा समाजसेवी की अनूठी पहल,नीमच के जाने-माने युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पर इस भव्य और दिव्य फूल सजावट का जिम्मा उठाया गया है। उनकी इस धार्मिक और निष्ठावान पहल से मंदिर की छटा देखते ही बन रही है।
शाम को निकलेगी भव्य शाही सवारी:-सावन के तीसरे सोमवार को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आज शाम करीब चार बजे बाबा किलेश्वर महादेव की शाही सवारी धूमधाम से आरंभ हो चुकी है, युवा समाजसेवी अरुल अरोरा द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गई, इसके साथ ही श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर से शाही सवारी प्रारंभ हुई, जो शहर भ्रमण करेगी, नीमच के राजा श्री किलेश्वर नगर भ्रमण पर निकले है और विशेष रथ पर विराजमान होकर प्रजा को आशीर्वाद दे रहे है, देर रात तक शाही सवारी का समापन होगा! इस शाही सवारी में युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सवारी के दौरान आकर्षक झांकियां, शिव बारात और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिनके दर्शन के लिए हजारों की संख्या में शिवभक्तों के जुटने की संभावना है।