जावद/नयागांव। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नयागांव पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर जावद चौराहा के समीप एक संदिग्ध टाटा ट्रक की तलाशी लेकर 335 पेटी यानी 3015 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त की रात नयागांव पुलिस को अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे स्थित जावद चौराहा पर संदिग्ध टाटा ट्रक क्रमांक GJ10TT5246 को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। ट्रक के डाले से डेन्जर कंपनी की व्हिस्की की 120 पेटी तथा डीएसपी ब्लैक व्हिस्की की 215 पेटी, कुल 335 पेटी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब एवं ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ थाना जावद में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में शराब के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह सामग्री हुई जब्त
335 पेटी (3015 लीटर) अंग्रेजी शराब — अनुमानित कीमत 20.10 लाख रुपये।
टाटा ट्रक क्रमांक GJ10TT5246 — अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये।
मोबाइल फोन एवं वाहन से संबंधित दस्तावेज।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में नयागांव पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।