नीमच। सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में शहर एक बार फिर शिवमय होने जा रहा है। श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक समिति की ओर से 24 अगस्त, सोमवार को भव्य गंगाजल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में श्रद्धालु कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर चलेंगे और भूतश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करेंगे।
यात्रा की शुरुआत सुबह 9 बजे श्री अमर ज्योति महादेव मंदिर (रोडवेज बस स्टैंड) से होगी। इसके बाद कांवड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री भूतश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रसादी (भंडारा) के साथ यात्रा का समापन होगा।
कांवड़ में गंगाजल लेकर चलेंगे श्रद्धालु,आयोजन समिति के अनुसार यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ना और पवित्र गंगाजल से महादेव का अभिषेक करना है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन संयोजक की भूमिका में रहेंगे। आयोजन श्री भूतेश्वर महादेव गंगा जलाभिषेक समिति द्वारा किया जा रहा है, जबकि अन्नपूर्णा सेवा न्यास सहयोगी संस्था है। समिति के अध्यक्ष श्रीराम मोडबोले और सचिव प्रकाश मंडवारिया हैं।
शहर में भक्ति का माहौल-यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ कांवड़ लेकर चलेंगे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली यात्रा के चलते रास्ते में धार्मिक वातावरण बनेगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भूतश्वर महादेव का गंगाजल से अभिषेक करने का आह्वान किया है। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ निकलने वाली यह यात्रा सावन के समापन अवसर पर शहर में आस्था और भक्ति का विशेष रंग बिखेरेगी।