मनासा। रक्षाबंधन पर्व से पहले प्रदेश में बस किराए में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता आर. सागर कछावा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों को राहत देने के बजाय बस किराया बढ़ाकर प्रदेश की लाखों महिलाओं और आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। कछावा ने कहा कि सरकार एक ओर योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को राहत देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर त्योहार के ठीक पहले सार्वजनिक परिवहन का किराया बढ़ा दिया गया। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं सहित आम यात्रियों को अतिरिक्त किराया चुकाना पड़ेगा।
रक्षाबंधन पर राहत देने की मांग
कांग्रेस नेता ने भाजपा शासित राजस्थान सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए दो दिन बस किराया माफ करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में मध्यप्रदेश सरकार को भी बहनों को राहत देने की पहल करनी चाहिए थी, लेकिन इसके विपरीत बस किराया बढ़ाकर सरकार ने प्रदेश की लाखों महिलाओं के साथ अन्याय किया है।
बढ़ा किराया वापस लेने की मांग
कछावा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के भावनात्मक रिश्ते का पर्व है। इस अवसर पर सरकार को महिलाओं की यात्रा आसान और सस्ती बनाने के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार रक्षाबंधन को देखते हुए बढ़ाया गया बस किराया तत्काल वापस ले अथवा कम से कम महिलाओं के लिए विशेष किराया राहत की घोषणा करे।
उन्होंने कहा कि सरकार को बहनों के सम्मान की बात केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि अपने फैसलों में भी इसका असर दिखाई देना चाहिए।