सिंगोली (नीमच): मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली में आयोजित जन संवाद/शिकायत निवारण कार्यक्रम उस वक्त गरमा गया, जब मंच पर डीआईजी, एसपी और स्थानीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद थे। इसी बीच एक स्थानीय ग्रामीण (राजेश शर्मा) ने हाथ में माइक संभालते ही इलाके में फैल रहे अवैध नशे के काले कारोबार को लेकर सीधे अफसरों के सामने सनसनीखेज आरोप लगा दिए।

'स्मैक और नशे ने बर्बाद कर दी युवा पीढ़ी':- 
माइक थामते ही युवक ने बेबाक अंदाज़ में कहा— “एसपी महोदय! इस क्षेत्र में युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंस रही है। खुलेआम और सरेआम स्मैक (Smack) जैसे घातक नशे की बिक्री हो रही है। इस पर तुरंत ध्यान दिया जाए ताकि हमारी युवा पीढ़ी इस ज़हर और बर्बादी से बच सके। नशे के इस कारोबार की वजह से इलाके में चोरी और अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

भरे मंच और जनता के सामने युवक के इस तीखे बयान से कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर सन्नाटा पसर गया और प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई।

पुलिस अधिकारी ने संभाला मोर्चा, दिया सख्त आश्वासन:- 
युवक की बात सुनते ही मंच पर मौजूद पुलिस अधिकारी तुरंत माइक पर आए और उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए कहा— “राजेश शर्मा जी ने बहुत ही महत्वपूर्ण बात उठाई है। नशा एक ऐसी बीमारी है जिससे हम सभी को दूर रहना चाहिए। यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध नशा या स्मैक बिक रहा है, तो उसकी सूचना सीधे मुझे (पुलिस प्रशासन को) दें।

अधिकारी ने आम जनता को भरोसा दिलाते हुए कड़ा संदेश दिया—सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। आप बेफिक्र होकर जानकारी दें, हम मिलकर नशा बेचने वाले एक-एक सौदागर पर सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने उठी आवाज:-
उल्लेखनीय है कि इस जन संवाद कार्यक्रम में उज्जैन रेंज के डीआईजी, नीमच एसपी निमिष अग्रवाल और जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा सहित प्रशासनिक महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। आम जनता के बीच से उठी इस बेबाक आवाज और पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए कड़े आश्वासन के बाद अब क्षेत्र में अवैध नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने की उम्मीद जग गई है।