कुकड़ेश्वर। विद्युत लाइन की चपेट में आने से बुधवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। क्षेत्र में विद्युत तारों की अव्यवस्था के चलते आए दिन छोटे-बड़े पक्षियों के करंट की चपेट में आने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर कई बार घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन इसके बावजूद विद्युत लाइनों और उपकरणों की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। जगह-जगह झूलते और उलझे तार हादसों को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत लाइनों का तत्काल निरीक्षण कर जर्जर तारों एवं उपकरणों को दुरुस्त किया जाए और पक्षियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। मोर की मौत की घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।