नीमच। अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा बाबा रामदेव एवं सांवरिया जी जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आयोजित सेवा भंडारे का यह पांचवां वर्ष है। इस सेवा भंडारे में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भोजन, चाय-नाश्ता एवं विश्राम की सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भंडारा स्थल पर चाय-नाश्ता, भोजन, ठहरने एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रियों के स्वास्थ्य को देखते हुए चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। दूर-दराज से बाबा रामदेव एवं सांवरिया जी के दर्शन के लिए पैदल एवं विभिन्न साधनों से जाने वाले भक्तों के लिए यह सेवा भंडारा यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण पड़ाव बन गया है। थकान से राहत पाने के लिए श्रद्धालु यहां विश्राम कर भोजन एवं नाश्ता ग्रहण कर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। अन्नपूर्णा सेवा न्यास द्वारा पिछले पांच वर्षों से श्रद्धालुओं की सेवा का यह पुनीत कार्य निरंतर किया जा रहा है। न्यास के सेवाभावी कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। इस सेवा कार्य के संयोजक राकेश पप्पू जैन,पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री राम गोदबोले एवं प्रकाश मंडवारिया हैं। न्यास का उद्देश्य है कि यात्रा पर निकलने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को रास्ते में भोजन, विश्राम और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधा सहजता से उपलब्ध हो। सेवा भंडारे में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब अन्नपूर्णा सेवा न्यास की सेवा भावना और समर्पण का जीवंत उदाहरण बना हुआ है।