कुकड़ेश्वर।  नीमच जिले के कुकड़ेश्वर में सोमवार शाम सेंट्रल बैंक के सामने तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार कैलाश पिता केशुराम रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम मगरदार, थाना रामपुरा निवासी कैलाश रावत अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से काम के सिलसिले में जा रहा था। तीनों कुकड़ेश्वर में सेंट्रल बैंक के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे रेत से भरे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैलाश डंपर के पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं बाइक पर सवार दोनों साथी टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।