नीमच। पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिलेभर से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों व अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान करीब 47 आवेदकों ने एसपी के समक्ष पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले,सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें शामिल रहीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया। एसपी व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष समाधान किया जाए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल,नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान,एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी निकिता सिंह, डीएसपी अजाक के.एल. पटेल सहित थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं फरियादी उपस्थित रहे।