पालसोड़ा। ग्राम पालसोड़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा विशेष अतिथि मंडल अध्यक्ष किशोर दास बैरागी, महामंत्री जगदीश परमार एवं सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण ‘गुड्डू’ जाट रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ किया गया। शासन की योजना के तहत विद्यालय की 44 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाएं कम होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन करें। विधायक परिहार ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए विधायक निधि से ₹1 लाख की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि साइकिलों को सुरक्षित रखने के लिए स्टैंड बनने से छात्राओं को सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में प्राचार्य सत्यनारायण बैरागी, उप सरपंच शान्तिलाल ‘पप्पू’ पाटीदार, डॉ. नरेंद्र शर्मा, पंडित घनश्याम शास्त्री, अर्जुन जाट, राजेंद्र सिंह चौहान, मुकेश कच्छावा, नंदकिशोर पोरवाल, अनिल राठौर, सत्यनारायण पाटीदार, समरथ सेन, सत्यनारायण सेन, सुनील पुष्करणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन व्यास एवं सत्यनारायण राठौर ने किया। आभार शिक्षिका ज्योति शर्मा ने व्यक्त किया।