नीमच, 1 सितंबर। । देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा के लिए हमारे सैनिक अपने प्राणों का बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते। सीमा पर सैनिकों की सजगता के कारण ही देशवासी सुरक्षित और चैन की नींद सो पाते हैं। शहीदों के सम्मान के बिना राष्ट्र का विकास संभव नहीं है।यह बात सीआरपीएफ नीमच ग्रुप सेंटर के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने कही। वे पंजाब नेशनल बैंक,नीमच कैंट शाखा के तत्वावधान में आयोजित पीएनबी रक्षक प्लस शाखा के शुभारंभ एवं शहीद लांस नायक मेघराज सैनी की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कमांडेंट साहू ने कहा कि मालवा की लाल माटी वह पवित्र भूमि है,जहां वर्ष 1939 में सीआरपीएफ का जन्म हुआ था। यह पूरे देशवासियों के लिए गौरव का विषय है। शहीद लांस नायक मेघराज सैनी ने पंजाब में आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उनका बलिदान आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण को राष्ट्र सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सैनिकों की सेवाओं और उनके परिवारों के योगदान को भी समाज को सदैव सम्मान देना चाहिए।

सैनिकों के कारण राष्ट्र सुरक्षित : जतिंदर मनकोटिया,कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख जतिंदर मनकोटिया,भोपाल ने कहा कि पैरामिलिट्री एवं सेना के जवान अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। सैनिकों के कारण ही राष्ट्र सुरक्षित रहता है और देशवासियों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने अपने परिवार का सेना से जुड़ाव बताते हुए कहा कि उनके दादा और पिता भी सेना में रहे हैं, जबकि उनकी बेटी को भी एक माह पूर्व लेफ्टिनेंट के पद पर सेना में नियुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि सेना के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा रहा है और सैनिकों की सेवा एवं समर्पण को वे व्यक्तिगत रूप से महसूस करते हैं। मनकोटिया ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बलों की वीरता एवं क्षमता का पूरे विश्व में सम्मान है। सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए एक मार्मिक एवं प्रेरणादायी क्षण रहता है। उन्होंने शहीद की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए पीएनबी मंडल उज्जैन एवं नीमच शाखा के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।

रक्षक प्लस योजना में सैनिकों को बीमा सुरक्षा, कार्यक्रम में पीएनबी की रक्षक प्लस योजना की विशेषताओं की जानकारी भी दी गई। योजना के अंतर्गत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के लिए जीवन बीमा,टर्म लाइफ इंश्योरेंस,दुर्घटना बीमा तथा स्थायी एवं आंशिक विकलांगता सहित विभिन्न प्रकार की सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। योजना के तहत मृत्यु एवं विकलांगता की स्थिति में निर्धारित बीमा कवर के साथ दुर्घटना, सुरक्षा कार्रवाई तथा ऑपरेशन के दौरान होने वाली मृत्यु के लिए भी विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जीरो बैलेंस खाते की स्थिति में भी पात्र खाताधारकों को योजना का लाभ मिल सकता है।

शहीद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण,इस अवसर पर कमल चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के प्रवेश द्वार के समीप शहीद लांस नायक मेघराज सैनी की नवनिर्मित प्रतिमा का अतिथियों ने अनावरण किया। अतिथियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया तथा शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीद लांस नायक मेघराज सैनी की पत्नी अमर देवी, पुत्र मदनलाल सैनी,वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र सैनी,समाज अध्यक्ष राकेश सैनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक,बैंक कर्मचारी, रेलवे पेंशनर समाज एवं सैनी समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। मंच पर पंजाब नेशनल बैंक नीमच के सर्किल हेड बृजलाल गुप्ता, उप मंडल प्रमुख विशाल यादव, नीमच कैंट शाखा प्रमुख प्रीतम कुमार तथा नीमच शाखा प्रमुख दिनेश कुमार चारण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों एवं विशिष्टजनों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मिशेल संघवी ने किया। तथा आभार प्रदर्शन शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार चारण ने किया।

शहीद लांस नायक मेघराज सैनी की वीरता को नमन,शहीद लांस नायक मेघराज सैनी 75वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में पदस्थ थे। उनका जन्म 14 सितंबर 1961 को ग्राम लेवड़ा में हुआ था। वर्ष 1990 के दशक के प्रारंभिक वर्षों में जब पंजाब आतंकवाद की गंभीर चुनौती से जूझ रहा था, तब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को आतंकवादियों के खिलाफ अभियानों और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के लिए तैनात किया गया था। इसी क्रम में 75वीं बटालियन की एक कंपनी राधास्वामी डेरा,तरनतारन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थी। 8 अगस्त 1991 को रात करीब 12:30 बजे यूनिट की दो गाड़ियां जालियांवाला रोड पर माता गंगा के पास गश्त कर रही थीं।
सड़क निर्माण कार्य के कारण मार्ग संकरा और ऊबड़-खाबड़ था। पहली जीप वहां से निकल गई,लेकिन दूसरी जीप के गुजरते समय आतंकवादियों ने एंटी-टैंक प्रेशर माइन विस्फोट कर दिया। इस भीषण विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 6 बहादुर जवान शहीद हो गए। इनमें लांस नायक मेघराज सैनी भी शामिल थे। राष्ट्र की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। मेघराज सैनी की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।