नीमच। मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 92 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद,अतिक्रमण हटाने, सीमांकन,पेंशन,स्वरोजगार,क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को मौके पर जांच कर पात्रता एवं नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पूर्व शिकायत पर खुला रास्ता
जनसुनवाई में ग्राम बामनी निवासी मानक गायरी की निजी भूमि तक जाने वाले रास्ते पर जाली लगाकर किए गए अवरोध की शिकायत का भी निराकरण किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अमले ने मौके पर जांच की। इसके बाद गठित दल ने पुलिस बल की मौजूदगी में रास्ते से अवरोध हटवाकर आवेदक को रास्ता उपलब्ध कराया। जनसुनवाई में फूलपूरा के रवि शर्मा ने शासकीय आबादी क्षेत्र की विवादित भूमि पर अवैध पक्का निर्माण व कब्जे, बघाना के एहमद खान ने वृद्धावस्था पेंशन, बनी की रामकन्याबाई ने पट्टे की भूमि पर जबरन कब्जे, राबडिया के प्रहलाद पाटीदार ने एमपीआईडीसी के विकास कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सिंचाई पाइपलाइन की मरम्मत व क्षतिपूर्ति को लेकर आवेदन दिया। इसी तरह जावद के सलीम ने अतिक्रमण हटाने, धनगांव के खजवाणिया सुनाज समाज के नागरिकों ने मंदिर प्रांगण में सत्संग भवन निर्माण की राशि,बरूखेड़ा के दिव्यांग लालाराम बलाई ने स्वरोजगार के लिए थ्री-व्हीलर वाहन,कड़ी खुर्द के देवीलाल व रावणरूंडी के सागरमल ने कृषि भूमि सीमांकन तथा नयागांव के किशोर और नीमच की उर्मिला सोनी ने अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर आवेदकों को राहत दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर बीएस कलेश, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रूति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।