रामपुरा। किराया बढ़ोतरी के बाद रामपुरा से नीमच के बीच बस से आवागमन करने वाले विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें बस यात्रा के दौरान निर्धारित कंसेशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है और कई बार सामान्य किराए के अनुसार राशि चुकानी पड़ रही है। रामपुरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिदिन नीमच स्थित स्कूल,कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययन के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में किराए में बढ़ोतरी के साथ यदि छात्र रियायत का लाभ नहीं मिलता है,तो रोजाना आने-जाने वाले विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ना स्वाभाविक है। विद्यार्थियों के अनुसार, कुछ बसों में कंसेशन को लेकर उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, कंसेशन को लेकर वास्तविक स्थिति और लागू नियमों की स्पष्टता प्रशासन एवं परिवहन विभाग की जांच के बाद ही सामने आ सकती है।

नियमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग,विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि रामपुरा-नीमच मार्ग पर संचालित बसों में विद्यार्थियों के लिए लागू किराया रियायत संबंधी नियमों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए और यदि निर्धारित कंसेशन का प्रावधान है तो उसका पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही बस संचालकों और विद्यार्थियों के बीच किराए को लेकर किसी प्रकार का विवाद न हो, इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच एवं आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई है। अब देखना होगा कि विद्यार्थियों की ओर से सामने आई इन शिकायतों पर प्रशासन और परिवहन विभाग क्या कदम उठाता है।