नीमच। जावद तहसील के चिरमिखेड़ा गांव में बंजारा समाज के आराध्य देव रूपसिंहजी महाराज के बोर्ड को अज्ञात लोगों द्वारा उखाड़कर फेंकने के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बंजारा समाज के आर. सागर कछावा ने बताया कि चिरमिखेड़ा गांव में समाज के आराध्य देव रूपसिंहजी महाराज के बोर्ड को अज्ञात लोगों ने उखाड़कर फेंक दिया था। इस घटना से समाजजनों की भावनाएं आहत हुई हैं और इसे लेकर देशभर के बंजारा समाज में नाराजगी है। कछावा ने बताया कि मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है,लेकिन घटना के बाद पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे समाज में पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष है। समाजजनों का आरोप है कि आराध्य देव का बोर्ड जानबूझकर उखाड़ा गया है, इसलिए घटना की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। घटना के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कल  3 सितंबर गुरुवार को मध्यप्रदेश और राजस्थान से बड़ी संख्या में बंजारा समाजजन नीमच के अम्बेडकर सर्कल पर एकत्रित होंगे। यहां से रैली के रूप में एसपी कार्यालय तक पहुंचकर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से रूपसिंहजी महाराज के बोर्ड को उखाड़ने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।