सिंगोली:- नगर में आज 2 सितम्बर बुधवार को धाकड़ समाज द्वारा श्री धरणीधर जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धाकड़ समाज चारभुजा नाथ मंदिर से हुई, जहां भगवान धरणीधर की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में चारभुजा भगवान को बेवाण एवं धरणीधर बलराम जी को आकर्षक झांकी के रूप से सजाया गया था, जिसके आगे ढोल-नगाड़ों की थाप पर समाजजन नाचते-गाते भजन कीर्तन करते चल रहे थे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो चौधरी मोहल्ला, बापू बाजार, विवेकानंद बाजार, पुराना बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक, तिलस्वा चौराहा, पेट्रोल पम्प, नया बस स्टैंड होते हुए धाकड़ समाज धर्मशाला पहुंची। शोभायात्रा में डीजे पर भजनों की मधुर धुनों पर युवक-युवतियां खूब थिरके। नगर में जगह-जगह जलपान व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत कर पूजा-अर्चना कर पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा के समापन के पश्चात सभी समाजजन धाकड़ समाज धर्मशाला पहुंचे, जहां स्नेह भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने शिक्षा, सामाजिक व शासकीय क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस अवसर पर धाकड़ समाज नवयुवक मण्डल के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे।