नीमच, 2 सितंबर 2026। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 7 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें नीमच जिला भी शामिल है। नीमच जिले में मेगा ड्राइव हेतु ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा का चयन किया गया है। ग्राम बर्डिया में 3 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे ग्राम पंचायत परिसर में लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा किया जाएगा। शुभारंभ के पश्चात ग्रामीणजनों के साथ मेगा ड्राइव के अंतर्गत आगामी 60 दिवस में की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। मेगा ड्राइव के दौरान ग्राम बर्डिया में घर-घर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए संबंधित शासकीय विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान पैरा लीगल वॉलिंटियर्स द्वारा ग्रामीणजनों को विधिक अधिकारों एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।