रतनगढ़। स्वतंत्र पत्रकार एवं बर्तन व्यवसायी अनिल सोडानी पर कथित जानलेवा हमले और इसके बाद दर्ज की गई क्रॉस कायमी के विरोध में सिंगोली-रतनगढ़ तहसील पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार रूपसिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए थाना रतनगढ़ से जांच हटाकर एसडीओपी अथवा एएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 27 अगस्त की रात करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच डेर वाले बालाजी से दर्शन कर लौट रहे पत्रकार अनिल सोडानी पर गुंजाली नदी के समीप 7-8 लोगों द्वारा कथित रूप से हमला किया गया। राहगीरों के बीच-बचाव से उनकी जान बची। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि डीकेन नगर के समीप स्थित उनकी माताजी की भूमि को लेकर विवाद के चलते हमला किया गया। पत्रकारों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद पीड़ित पक्ष के खिलाफ क्रॉस कायमी दर्ज की गई, जिससे मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर संदेह पैदा हुआ है। ज्ञापन में घटना से जुड़े 112 डायल वाहन के वीडियो, भोपाल कंट्रोल रूम के जीपीएस डेटा तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की गई।
पत्रकार संघ ने मांग की कि 112 वाहन स्टाफ के मोबाइल एवं घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी/डीवीआर को जब्त कर साइबर सेल अथवा एफएसएल से जांच कराई जाए। साथ ही पीड़ित के खिलाफ दर्ज कथित झूठी क्रॉस कायमी की निष्पक्ष समीक्षा करने और स्वतंत्र पत्रकार अनिल सोडानी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन का वाचन पत्रकार अनिल शर्मा ने किया, जबकि आभार सुरेश साहू ने माना। इस दौरान सिंगोली, रतनगढ़, झांतला, नीमच, डिकेन और जाट सहित तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर नीमच, सांसद सुधीर गुप्ता,राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर,विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, डीजीपी मध्यप्रदेश, भोपाल उज्जैन आईजी, रतलाम डीआईजी एवं एसपी नीमच को भी भेजी गई है। पत्रकारों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।