नीमच। आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए नीमच पुलिस द्वारा पर्यावरण सुरक्षा और बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में दिनांक 3 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन नीमच में पुलिस परिवार के सदस्यों और बच्चों के लिए एक विशेष 'ईको-फ्रेंडली गणेश मूर्ति निर्माण कार्यशाला' का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रकृति-अनुकूल त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यशाला के दौरान बच्चों को प्राकृतिक शाडू माटी और प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाएं बनाने की बारीकियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चे इस वर्ष स्वयं अपने हाथों से निर्मित गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित कर बिना पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए गणेशोत्सव मना सकें। कार्यशाला में पुलिस परिवार के बच्चों और सदस्यों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया और मिट्टी से विभिन्न आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कीं। नीमच पुलिस की इस पहल की सर्वत्र सराहना की जा रही है।