नीमच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर अहीर यादव समाज बघाना में उत्साह चरम पर है।  हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी समाज द्वारा गोकुल के कान्हा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत प्रातःकाल हवन एवं पूजन के साथ होगी। इसके पश्चात समाजजनों द्वारा श्री कृष्ण आनंद धाम से प्रातः 9 बजे विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी जिसमें समाज समाज के बच्चे, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे वहीं दोपहर में श्री राधा कृष्ण जी मंदिर से भव्य  चल समारोह का आयोजन होगा  जो कि उपनगर बघाना के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरेगा जिसमें आकर्षक झांकियां एवं धार्मिक प्रस्तुतियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।  अहीर यादव समाज बघाना के द्वारा बताया गया कि प्रसिद्ध डीजे, एवं नागपुर के ढोल ताशे, ढोल पार्टी, के साथ पालकी में सवार लड्डू गोपाल नगर भ्रमण करेंगे जिनका क्षेत्र में जगह, जगह स्वागत द्वार लगाकर पुष्प वर्षा कर लड्डू गोपाल की अगवानी की जाएगी। वही अखाड़े के ढोल और लेजिम पार्टी भी अपनी प्रस्तुति देंगे।  साथ ही चल समारोह में कोटा की प्रसिद्ध श्री राधा-कृष्ण की बाल मोहन झांकियां विशेष रूप से शामिल होंगी। इसके साथ ही अहीर रेजिमेंट की झांकियां भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगी  इसके साथ ही गायों का  मनमोहक शृंगार भी आकर्षण का केंद्र रहेगा तत्पश्चात्  सुसज्जित रोशनी में दुल्हन की तरह सजे श्री राधा कृष्ण मंदिर पर रात्रि 12 बजे भव्य महाआरती के साथ ही कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।  समाजजनों ने आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर अहीर यादव समाज बघाना में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। समाज के महिला, पुरुष एवं युवा बड़ी संख्या में आयोजन में सहभागिता करेंगे। समाजजनों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य बनाने का आह्वान किया है।