नीमच, 4 सितंबर 2026
पंचवटी स्थित श्री बड़े वाले परशुराम धाम पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा मे कल आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कामखेड़ा सरकार कृपा पात्र श्री श्री पंडित रोहित नागर जी महाराज, खिलचीपुर के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही ज्ञान गंगा में भक्तों ने डुबकी लगाई। आज कथा के दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। जैसे ही नंद घर आनंद भयो का जयघोष हुआ, पूरा पांडाल "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्री कृष्ण की मनमोहक छवि वाले स्वांगधारियों का भव्य स्वागत किया गया। भगवान श्रीकृष्ण लला के जन्म होते ही श्रद्धालु झूम-झूम कर नाचने लगे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
पंडित श्री रोहित नागर जी महाराज ने अपने प्रवचनों में बताया कि किस प्रकार भगवान श्री कृष्ण ने इस धरती पर अधर्म का नाश और धर्म की स्थापना के लिए जन्म लिया।
इस पावन कथा को सुनने के लिए शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी बंधु उपस्थित रहे। इस भव्य कथा का आयोजन श्री सर्व ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, नीमच एवं विप्र सेना महिला विंग, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
आयोजक मंडल ने समस्त धर्म प्रेमियों से निवेदन किया है कि नीमच की इस पावन धरा पर बह रही इस ज्ञान गंगा में आप सभी पधार कर डुबकी लगाएं और अपने जीवन को धन्य करें।