लनीमच। राजस्थान सीमा से लगे नीमच जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की रणनीति और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल की निगरानी में बीते एक माह के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में करीब 1.75 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अफीम, डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए। इन मामलों में अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58.50 लाख की अफीम के साथ महिला गिरफ्तार
नीमच सिटी थाना पुलिस ने गिरदौड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11 किलो 700 ग्राम अफीम बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 58.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दरक वेयरहाउस के सामने बंद गुमटी के समीप दबिश देकर राजस्थान में माल पहुंचाने की तैयारी कर रही महिला ममता उर्फ बंटी नायक को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि अफीम उसे शांतिलाल मीणा ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि मामले में शांतिलाल को सह-आरोपी बनाकर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
कैंट पुलिस ने बस स्टॉप से दबोचा अफीम तस्कर
सिटी पुलिस की कार्रवाई से पहले कैंट थाना पुलिस ने भी मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा और उनि जाकिर हुसैन मंसूरी की टीम ने सूचना के आधार पर राजस्थान जाने वाली बस पकड़ने की तैयारी में खड़े जोधपुर निवासी सुमेर राम विश्नोई को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके बैग से चार थैलियों में छिपाकर रखी 10 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई गई।
जीरन पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 1270 किलो डोडाचूरा बरामद
थोक स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से 12 क्विंटल 70 किलो डोडाचूरा बरामद किया। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव और उनि श्रवण सिंह तंवर की टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान अशोक लेलैंड ट्रक क्रमांक RJ 18 GA 9130 को रोककर तलाशी ली।
ट्रक में 73 प्लास्टिक कट्टों में डोडाचूरा भरा मिला। बरामद माल की कीमत करीब 65 लाख रुपये, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र निवासी सुखाराम जाट और कालूराम जाट को गिरफ्तार किया।
कंजार्डा में पायलटिंग की चाल भी नहीं आई काम
मनासा थाना क्षेत्र की कंजार्डा पुलिस चौकी ने तस्करी के दौरान पायलटिंग कर रहे आरोपियों को भी दबोच लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रही है और उसके पीछे बोलेरो कैंपर में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। कैंपर से 4 क्विंटल 24 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से श्यामलाल गुर्जर, दशरथ भील और रतन भील को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त बाइक और बोलेरो कैंपर भी जब्त किए गए।
माल पकड़ने के साथ नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
लगातार हुई इन कार्रवाइयों से पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। अब पुलिस की जांच केवल बरामद मादक पदार्थ और आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लायर से लेकर खरीदार और अंतिम डिलीवरी तक की कड़ियां जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस राजस्थान में माल की सप्लाई कहां होनी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।