नीमच। हुनर किसी बड़े शहर का मोहताज नहीं होता। इसे साबित कर दिखाया है नीमच जिले के छोटे से गांव बमोरी के युवा चित्रकार धीरज अहीर ने। धीरज ने ब्रश और रंगों का इस्तेमाल किए बिना मात्र राई के 3 लाख 51 हजार बारीक दानों से नीमच के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर का शानदार पोर्ट्रेट तैयार कर सभी को हैरान कर दिया। इस अनोखी कलाकृति को तैयार करने में धीरज को करीब 15 दिनों तक लगातार मेहनत और एकाग्रता करनी पड़ी। राई के एक-एक दाने को बेहद बारीकी से व्यवस्थित कर तैयार की गई यह तस्वीर दूर से देखने पर किसी सामान्य पेंटिंग जैसी नजर आती है, लेकिन करीब से देखने पर इसकी पूरी कलाकारी राई के दानों से की गई है।
पिता से मिली कला की विरासत
धीरज को चित्रकारी और सूक्ष्म कला का हुनर अपने पिता से विरासत में मिला है। पिता के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से धीरज ने इस अनोखी कला को नई पहचान देने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि वे भविष्य में भी इसी तरह की अनूठी कलाकृतियां तैयार कर अपने गांव,जिले और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
अशोक अरोरा को भेंट की अनोखी तस्वीर
शनिवार को युवा कलाकार धीरज अहीर ने अपनी 15 दिन की मेहनत से तैयार की गई यह अद्भुत कलाकृति समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर को भेंट की। राई के लाखों दानों से बनी इस तस्वीर को देखकर मौजूद लोग भी धीरज के हुनर की जमकर सराहना करते नजर आए। छोटे से गांव से निकला यह युवा कलाकार अब अपनी सूक्ष्म और अनोखी कला के जरिए जिले की पहचान को नई ऊंचाई देने की कोशिश में जुटा है।
*