नीमच। शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्राइट मून इंग्लिश स्कूल, बोरखेड़ी कलां में शनिवार को बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ शिक्षक दिवस समारोह मनाया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं और ड्राइंग-पेंटिंग एवं आकर्षक उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान व स्नेह व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, विचारों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और शिक्षकों के प्रति उनके प्रेम ने समारोह को खास बना दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। समापन अवसर पर स्कूल संचालक ज्ञानेंद्र कारपेंटर ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके भविष्य का निर्माण करते हैं। शिक्षक और विद्यार्थी के बीच सम्मान, संस्कार एवं विश्वास का रिश्ता समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।