नीमच। मध्यप्रदेश में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन नीमच जिले के चंल्दू पुलिया से सिरखेड़ा तक करीब 2 किलोमीटर का कच्चा रास्ता इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है।
करीब 700 की आबादी वाले गांव के ग्रामीण लंबे समय से इस बदहाल रास्ते से परेशान हैं। इसी मार्ग पर आज एक भरा हुआ ट्रक पलट गया, जिसमें दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं रास्ते से गुजर रहा बाइक सवार भी हादसे में बाल-बाल बच गया। हादसे का लाईव वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले इसी खराब रास्ते के कारण एक नर्स की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद सड़क निर्माण को लेकर जिम्मेदारों की गंभीरता सवालों के घेरे में है। चल्दू और सिरखेड़ा के बीच स्थित फैक्ट्री के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में कच्चे और बदहाल रास्ते से भारी वाहनों का गुजरना लगातार हादसों का खतरा बढ़ा रहा है। सवाल सीधा है—जब 700 लोगों की आबादी वाले गांव तक पहुंचने के लिए 2 किलोमीटर सड़क तक नहीं बन पाई, तो विकास के दावे आखिर किस तस्वीर की बात करते हैं? ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।