नीमच ।  नीमच शहर के सुनहरे भविष्य और विकास को लेकर सोमवार को आयोजित नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन ऐतिहासिक फैसलों का गवाह बना। परिषद के एजेंडे में शामिल सभी 28 प्रस्तावों को बहुमत से मंजूरी दे दी गई। इस बैठक का सबसे बड़ा निर्णय करीब 40 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नपा की खुद की भूमि पर एक भव्य आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने का रहा।नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से खाली पड़ी बेशकीमती जमीनों का सुनियोजित उपयोग होगा और परिषद को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इससे स्थानीय नागरिकों को आवास और व्यापारियों को व्यवसाय के लिए उचित दर पर भूमि सुलभ हो सकेगी।
 *इन बड़े प्रोजेक्ट्स को मिली हरी झंडी*:
*जाजू सागर बांध का कायाकल्प*: बांध को आकर्षक पिकनिक स्पॉट बनाने के लिए ₹53 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
*टैगोर मार्ग अंडरग्राउंड केबल*: व्यस्ततम टैगोर मार्ग को सुंदर व सुरक्षित बनाने के लिए बिजली की लाइनों को भूमिगत करने की योजना मंजूर हुई।
*पीएम आवास में सुरक्षा कवच*: प्रधानमंत्री आवास योजना के बहुमंजिला भवनों में रहने वाले परिवारों के लिए ₹3.23 करोड़ की फायर सेफ्टी व्यवस्था का प्रस्ताव पारित हुआ।
*सड़कों का सुदृढ़ीकरण*: सीआरपीएफ रोड, विजय टॉकीज रोड, फव्वारा चौक और मेसी शोरूम चौराहा सहित प्रमुख मार्गों के डामरीकरण और सीसी रोड निर्माण को हरी झंडी मिली। इसके साथ ही नगर वन, सोलर प्रोजेक्ट और टाउन हॉल के जीर्णोद्धार को भी मंजूरी दी गई।
 *विपक्ष के तीखे सवाल, सीएमओ की ठेकेदारों को चेतावनी*:
सत्र के दौरान विपक्षी पार्षदों ने दूषित पेयजल आपूर्ति, बुजुर्गों की पेंशन में देरी, आवारा पशुओं के आतंक और सरकारी जमीनों पर नई गुमटियों के जरिए हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। 
इस पर परिषद ने सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) ने कड़ा रुख अपनाते हुए बताया कि लापरवाह ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। काम समय पर पूरा न होने पर सीधे टेंडर निरस्त कर नई प्रक्रिया शुरू की जाएगी