नीमच। इनर व्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 28 शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रतिभा कॉलोनी उपस्थित रहीं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पित भाव, मेहनत और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पायल गुर्जर ने अपने उद्बोधन में सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना समाज के प्रति उनके समर्पण और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।इस अवसर पर क्लब सचिव दिव्या जैन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान का यह अवसर क्लब के लिए गौरव का विषय है और भविष्य में भी क्लब इसी प्रकार समाजहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रियंका नागदा,पूर्व अध्यक्ष पूजा खंडेलवाल, उपाध्यक्ष एकता पवार, आईएसओ डिंपल चांदना के साथ लक्ष्मी शर्मा, हिना बदलानी,अदिति चांडक, गौरी खंडेलवाल एवं अदिति शर्मा उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन आईपीपी पूजा गर्ग ने किया। क्लब एडिटर जयंती एनीया ने कार्यक्रम की जानकारी दी।