निंबाहेड़ा। निंबाहेड़ा नगर परिषद के आगामी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 7 चांदखेड़ा में भाजपा को झटका लगा है। भाजपा से जुड़े आकाश कुमावत, अमन कुमावत एवं विकास नायक ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। सोमवार दोपहर पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोपाल आंजना, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संपत धाकड़, कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक, जिला कांग्रेस एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोहर सिंह मीणा, पूर्व पार्षद हाजी ईशहार खान एवं मिनाना ग्राम पंचायत कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह शक्तावत ने तीनों नवागंतुकों का कांग्रेस पार्टी का मफ़लर पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कांग्रेस परिवार में शामिल होने के अवसर पर आकाश कुमावत, अमन कुमावत एवं विकास नायक ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की कार्यशैली, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा आमजन के बीच उनकी सक्रियता से प्रभावित हैं। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया।
कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर किया आत्मीय स्वागत,चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोपाल आंजना ने तीनों कार्यकर्ताओं का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन, गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं समाज के सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता देती आई है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा आगामी नगर परिषद चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन कार्यकर्ताओं की एकजुटता के साथ वार्ड स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है। नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह,आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी की ओर से वार्ड स्तर पर जनसंपर्क, बैठकों एवं संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने को कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मजबूत एकजुटता एवं संगठनात्मक ताकत के साथ कांग्रेस आगामी निकाय चुनाव में पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी तथा कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।