नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिसलवास-बामनिया के शिक्षक महेंद्र सिंह पंवार को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यश्री शिक्षक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।श्री पंवार को महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राज्यश्री शिक्षक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर आयोजित समारोह में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सहभागिता कर श्री पंवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि शिक्षक महेंद्र सिंह पंवार को मिला यह सम्मान नीमच विधानसभा, विद्यालय एवं ग्राम बिसलवास-बामनिया के लिए गौरव का विषय है। शिक्षक समाज की नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार एवं सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री पंवार का समर्पण एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है। कार्यक्रम में चतुर्भुज नागदा, शंभूलाल नागदा, मदनलाल नागदा, विधायक प्रतिनिधि दीपक नागदा, सरपंच विनोद भील, अशोक नागदा, चमन नागदा, मुकेश नागदा सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने शिक्षक महेंद्र सिंह पंवार को राज्यश्री शिक्षक सम्मान प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।