धामनिया। ग्राम पंचायत धामनिया की श्मशान समिति की बैठक में सर्वसम्मति से सत्यनारायण रावत को समिति का नवनियुक्त अध्यक्ष बनाया गया। अध्यक्ष नियुक्त होने पर ग्रामीणों एवं समिति सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सत्यनारायण रावत पिछले करीब 20 वर्षों से ग्राम धामनिया के विकास कार्यों के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के समक्ष गांव की विभिन्न आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाकर विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से गांव में ग्रेड स्कूल,हाई सेकेंडरी स्कूल,ऊंचेड़े-भादवा माता रोड तथा गादोला-धामनिया सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली। ग्रामीणों के अनुसार,रावत ने हमेशा व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर गांव के विकास और जनहित को प्राथमिकता दी है। नवनियुक्त अध्यक्ष सत्यनारायण रावत ने कहा कि समिति ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है,उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा श्मशान परिसर के विकास एवं ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि सत्यनारायण रावत के नेतृत्व में श्मशान समिति के कार्यों को नई दिशा मिलेगी और गांव के विकास की गतिविधियां भी निरंतर आगे बढ़ेंगी।