सिंगोली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में डॉक्टरों की कमी को लेकर कांग्रेस नेता एवं एडवोकेट प्रकाश रांका ने सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। रांका ने कहा कि करीब एक लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले सिंगोली अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 150 से 200 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, ऐसे में यहां पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की नियुक्ति जरूरी है। उनके अनुसार अस्पताल में करीब 10 डॉक्टरों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 2 डॉक्टरों के भरोसे व्यवस्था संचालित हो रही है। रांका ने दावा किया कि अस्पताल में 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण प्रसूति,दुर्घटना और गंभीर मरीजों को आवश्यक उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करने की स्थिति बनती है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि रिक्त चिकित्सकीय पदों को तत्काल भरा जाए। जब तक स्थायी नियुक्तियां नहीं होतीं, तब तक जिला अस्पताल से विशेषज्ञ चिकित्सकों की रोटेशन के आधार पर नियमित ड्यूटी सिंगोली CHC में लगाई जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके। रांका ने कहा कि जनता को केवल घोषणाएं और अस्पताल की इमारत नहीं,बल्कि समय पर डॉक्टर, जांच और समुचित इलाज की जरूरत है।
—