नीमच। गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच के महिला प्रकोष्ठ द्वारा जवाहर नगर स्थित योगेश्वर महादेव मंदिर परिसर में ‘पर्यावरण हितैषी—मिट्टी के गणेशजी बनाओ’ कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में नगर की महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने हाथों से ईको-फ्रेंडली मिट्टी के गणेशजी की प्रतिमाएं तैयार कीं। कार्यशाला में श्रीमती सुचित्रा परिहार ने भी सहभागिता करते हुए स्वयं अपने हाथों से मिट्टी के गणेशजी की प्रतिमा बनाई। उन्होंने भारत विकास परिषद की पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि पीओपी एवं रासायनिक रंगों से जल स्रोतों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए मिट्टी के गणेशजी की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। संस्था द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रतिमा निर्माण के लिए शुद्ध मिट्टी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। महिलाओं एवं बालिकाओं ने भक्तिभाव और रचनात्मकता के साथ भगवान श्री गणेश के विभिन्न स्वरूपों को आकार दिया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ प्रमुख सुनीता अनिल चौधरी, प्रकल्प संयोजिका माया पोरवाल, सह प्रमुख हेमा गुप्ता एवं सुनीता सिंहल, सरिता पोरवाल, नीतू मित्तल, रेखा नायर, गरिमा माहेश्वरी, अनामिका पोरवाल, उर्मिला जैन, संगीता गोयल एवं सुनीता डबकरा सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, शिखर जैन एवं मनोज माहेश्वरी सहित परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने गणेशोत्सव पर घरों में ईको-फ्रेंडली मिट्टी के गणेशजी स्थापित करने तथा पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। उक्त जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने दी।