जावद। जावद विधानसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र के विकास पुरुष और पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के अथक प्रयासों से आखिरकार रंग ले आए हैं। सिंगोली क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है, जिससे पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। मध्य प्रदेश शासन ने काटूंदा मोड़ से धारडी माखनगंज तक के 21.50 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 90 करोड़ 31 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इस मेगा प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

मंत्री राकेश सिंह ने खुद फोन कर दी खुशखबरी:- सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री राकेश सिंह ने खुद जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा को फोन पर इस बात की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर क्षेत्रवासियों तक पहुंची, सिंगोली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। 

विधायक सखलेचा ने जताया आभार:-  क्षेत्र की जनता की इस बड़ी मांग को पूरा करवाने के लिए विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और PWD मंत्री राकेश सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और इस नई सड़क के बनने से आवागमन बेहद सुगम होगा, जिससे व्यापार, कृषि और आम जनजीवन को जबरदस्त गति मिलेगी। सालों से इस जर्जर रास्ते से परेशान थे, लेकिन विधायक सखलेचा के प्रयासों ने आखिरकार कमाल कर दिया। 90 करोड़ की इस सौगात से हमारा इलाका अब विकास के नए रास्ते पर दौड़ेगा।