जावद। सिंगोली सौर प्लांट, विक्रम सीमेंट सहित क्षेत्र में संचालित उद्योगों में स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों और ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर एडवोकेट प्रकाश रांका ने तीखा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि जावद की जमीन और संसाधनों पर कारोबार करने वाले उद्योगों में सबसे पहले जावद विधानसभा के स्थानीय लोगों को रोजगार और ठेके मिलना चाहिए।
रांका ने कहा कि बाहरी लोगों और नेताओं के प्रभाव के चलते स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “पहले हमारे गांव के लोग, हमारे युवा और हमारे ठेकेदार—बाहरी बाद में।”
उन्होंने कहा कि नेता चाहे किसी भी राजनीतिक दल का हो, उसे जावद विधानसभा की जनता ने ही नेता बनाया है। अब समय आ गया है कि जावद विधानसभा का आम आदमी भी आर्थिक रूप से सक्षम बने। उन्होंने कहा कि आम आदमी लगातार कमजोर होता जाए और कुछ नेता एवं प्रभावशाली लोग मजबूत होते जाएं, यह व्यवस्था अब नहीं चलनी चाहिए।
रांका ने जावद विधानसभा के लोगों से पार्टी और जाति से ऊपर उठकर अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हक के खिलाफ खड़े होने वालों को भी अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि आज स्थानीय लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठाएंगे तो आने वाले समय में उनके बच्चे भी बाहरी लोगों के यहां काम करने को मजबूर हो सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पार्टी या व्यक्ति का विरोध करना नहीं, बल्कि जावद विधानसभा के आम आदमी के पक्ष में आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि जहां स्थानीय लोगों के अधिकार दबाए जाएंगे, वहां वे आवाज उठाते रहेंगे।
रांका ने कहा कि “आपके हक की लड़ाई में रांका आपके साथ खड़ा था, खड़ा है और खड़ा रहेगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर उन्हें बुलाएं, वे उनके बीच पहुंचकर उनकी बात सुनेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही अपने कार्यालय का नंबर भी घोषित करेंगे, जिसे उनका स्टाफ संचालित करेगा।