नीमच। गणेश चतुर्थी पर्व से ठीक पहले शहर के महू रोड स्थित मूर्ति कारखाने से मूर्तिकार (गोविंद पाल) के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नीमच शहर सहित राजस्थान के नाथद्वारा, निम्बाहेड़ा और आसपास के कई अन्य क्षेत्रों से गणेश उत्सव समितियों के सदस्य भारी संख्या में कारखाने पर जमा हो गए। विवाद और हाथापाई के बाद गायब हुआ मूर्तिकार प्रत्यक्षदर्शियों और आयोजकों के अनुसार, मूर्तिकार गोविंद पाल और उसके कर्मचारियों के साथ बीती रात प्रतापगढ़/भीलवाड़ा क्षेत्र के कुछ आयोजकों द्वारा मारपीट और हाथापाई की गई थी। बताया जा रहा है कि मूर्तियों की समय पर डिलीवरी न होने और काम अधूरा रहने की वजह से विवाद हुआ। इस घटना के बाद से ही मूर्तिकार अचानक गायब हो गया और उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है।
आयोजकों की चिंता और हंगामा
कारखाने पर पहुंचे आयोजक मुकेश (निम्बाहेड़ा) ने बताया कि समितियों ने कई महीने पहले हजारों रुपये एडवांस देकर मूर्तियां बुक कराई थीं। मूर्तिकार के गायब होने और आधी-अधूरी बनी मूर्तियों को देखकर लोग आक्रोशित हो गए। कारखाने के बाहर भीड़ जमा होने और रोड जाम की स्थिति बनने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
केंट पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में आयोजकों अपनी-अपनी बुक की गई मूर्तियां ले जा रहे है, और लापता मूर्तिकार की तलाश की जा रही है।