नीमच/भाटखेड़ा। राधादेवी रामचंद्र मंगल कॉलेज, भाटखेड़ा में सोमवार को गणपति उत्सव का भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। गणपति बप्पा की प्रतिमा की स्थापना ढोल-नगाड़ों एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में की गई। कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने हर्षोल्लास के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधानपूर्वक भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना, पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ हुई। आरती के दौरान पूरा कॉलेज परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा गणेश वंदना एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने नृत्य, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।गणेशोत्सव के आगामी दिनों में कॉलेज परिसर में सुंदरकांड पाठ, छप्पन भोग, महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर चेयरमैन श्री संजय मंगल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, ज्ञान, विवेक एवं शुभारंभ के प्रतीक हैं। गणेशोत्सव विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, एकता एवं सकारात्मक सोच से जोड़ने का एक सुंदर अवसर है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उत्साह एवं अनुशासन के साथ गणेशोत्सव में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के समस्त फैकल्टी सदस्य, स्टाफ एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।