नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एमपी-राजस्थान बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो नियो कार से 141 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। खास बात यह है कि इस तस्करी में शामिल फरार आरोपी का पिता गांव का चौकीदार है, जिसकी संदिग्ध भूमिका अब पुलिस की जांच के घेरे में आ गई है।
यह हुई कार्रवाई, 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, एक बिना नंबर की बोलेरो नियो कार और 3 एंड्रॉइड मोबाइल, कुल जप्त मश्रुका करीब 29.57 लाख रुपये।
गिरफ्तार आरोपी,योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी उम्र 34 पिता गोपाल सिंह राठौड़, निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर राजस्थान।
फरार आरोपी, गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी ग्राम काकरिया तलाई, थाना रतनगढ़
बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई खेप
रतनगढ़ थाना पुलिस टीम को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान के तहत सूचना मिली थी। दिनांक 15 सितंबर 2026 की रात्रि को पुलिस टीम एमपी-राजस्थान बॉर्डर स्थित ग्राम काकरिया तलाई पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान काकरिया तलाई की तरफ से एक बिना नंबर की बोलेरो नियो कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार में ड्राइवर सीट के पास बैठे एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया। पुलिस बल ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। वहीं, पुलिस ने चालक को घेराबन्दी कर दबोच लिया। पकड़े गए चालक ने पूछताछ में अपना नाम योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी बताया, जबकि मौके से भागे हुए अपने साथी का नाम गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी काकरिया तलाई होना बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 7 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों से कुल 141 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने वाहन सहित जप्त कर लिया।
चौकीदार का बेटा निकला तस्कर, पिता की भूमिका भी जांच के दायरे में,इस पूरी कार्रवाई के बाद एक बड़ा और सनसनीखेज पहलू सामने आया है। सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि फरार आरोपी गणेश के पिता हेमराज धाकड़ गांव के चौकीदार हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि हेमराज का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी राजस्थान में एनडीपीएस के मामलों में आरोपी रह चुका है तथा जेल की सजा काट चुका है। वर्तमान मामले में भी पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या तस्करों को पुलिस की मूवमेंट या लोकेशन देने का काम चौकीदार पिता द्वारा किया गया था या नहीं। कुल मिलाकर, चौकीदार का बेटा ही तस्कर और अब इस मामले में खुद चौकीदार पिता पर भी कानून का शिकंजा कसने की तलवार लटक रही है।
रतनगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी गणेश की तलाश तेज कर दी है और उसके पिता की संदिग्ध संलिप्तता के हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।