मंदसौर। । विकास के दावों के बीच भानपुरा जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुकड़ेश्वरा के मजरा पिपलिया और कराड़िया गांव के ग्रामीण आज भी पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा होने से रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण करण मीणा, राजू मीणा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में कच्चे रास्ते की हालत और खराब हो जाती है। जगह-जगह कीचड़ व पानी जमा होने से पैदल चलना और दोपहिया वाहनों से आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही पर पड़ रहा है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान गांव का संपर्क मार्ग बेहद खराब हो जाता है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है, वहीं आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक ले जाना भी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों ने गांव के पुराने और जर्जर स्कूल भवन को लेकर भी चिंता जताई है तथा इसकी स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कई जगह आवेदन,अब कलेक्टर से लगाई गुहार,ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत कुकड़ेश्वरा, जनपद पंचायत भानपुरा और तहसील कार्यालय में पहले भी आवेदन दिए जा चुके हैं। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी अपनी मांग रखी। इसके बाद अब ग्रामीणों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
आवेदन में कुकड़ेश्वरा ग्राम पंचायत से पिपलिया एवं कराड़िया तक करीब दो किलोमीटर मार्ग का डामरीकरण कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों को सड़क निर्माण का आश्वासन मिलने के बाद अब उनकी नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।