नीमच। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' को लेकर नीमच जिले में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम को लेकर जिले के युवाओं, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि नीमच जिले में राहुल गांधी जी के संदेश को हर जगह पहुंचाने के लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जहां कांग्रेसजन एवं युवा कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। नीमच जिले के आठ मुख्य स्थान नीमच शहर, जीरन,मनासा, रामपुरा, कुकडेश्वर,जावद, रतनगढ़ और रेवली देवली में कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है। इन सभी स्थानों पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और आम युवा एकत्र होकर राहुल गांधी जी के संबोधन का लाभ लेंगे। इसके साथ ही, इंदौर में रहकर अध्ययन कर रहे नीमच जिले के 200 से अधिक छात्रों का पूर्व में ही पंजीयन करवाकर इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई गई है। वहीं नीमच जिले से भी युवा छात्र शनिवार प्रातः इंदौर के लिए रवाना होंगे, जो मूल कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
तरुण बाहेती ने बताया कि आज देश का युवा बदलाव चाहता है। मध्य प्रदेश में हुए व्यापम जैसे बड़े घोटालों, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों और पढ़ाई के बढ़ते तनाव के कारण प्रदेश के योग्य छात्र अपने मान-सम्मान से वंचित हुए हैं। देश और प्रदेश के इस माहौल में राहुल गांधी युवाओं और छात्रों की प्रमुख चिंताओं को उठाने जा रहे हैं, जिसके प्रति नीमच जिले के युवाओं में व्यापक उत्साह है।