बरखेड़ा मीणा। ग्राम बरखेड़ा मीणा में स्वर्गीय पटेल साहब लक्ष्मण जी रावत पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके सुपुत्र देवकिशन जी रावत द्वारा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का आयोजन किया जा रहा है। कथा के छठवें दिन राधा-कृष्ण मंगल विवाह का प्रसंग श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा पंडाल में पहुंचे और कथा श्रवण कर धर्मलाभ लिया।
मंदिर निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की घोषणा
धार्मिक आयोजन के दौरान स्वर्गीय लक्ष्मण जी रावत की स्मृति में मंदिर निर्माण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गई। बताया गया कि उनके निधन के अवसर पर पगड़ी के दस्तूर में डेढ़ लाख रुपए मंदिर निर्माण के लिए देने की घोषणा की गई थी। वहीं इस वर्ष आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान उनके सुपुत्र देवकिशन जी रावत की ओर से मंदिर निर्माण के लिए पुनः डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
इस प्रकार दोनों घोषणाओं को मिलाकर मंदिर निर्माण के लिए कुल 3 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा हुई है। इसके अलावा गांव के लोगों एवं समाजबंधुओं ने भी मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए अलग-अलग राशि की घोषणाएं की हैं। ग्रामीणों द्वारा 11 हजार, 5 हजार रुपए सहित अन्य राशि देने की घोषणाएं की गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन सहयोगों से मंदिर निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं राधा-कृष्ण मंगल विवाह प्रसंग के दौरान हथेरा में प्राप्त करीब 18 हजार रुपए की दान राशि को भी ग्राम बरखेड़ा मीणा में निर्माणाधीन नवीन मंदिर के निर्माण कार्य में खर्च करने का निर्णय लिया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर निर्माण के लिए किए जा रहे सहयोग को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
आज पूर्णाहुति और महाप्रसादी
आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की आज पूर्णाहुति एवं समापन होगा। इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम के साथ महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजक परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण, पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी में शामिल होकर पुण्यलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।