नीमच । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को नीमच और गांधीसागर के एक दिनी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जहां नीमच को खेल जगत की बड़ी सौगात देते हुए नए स्टेडियम की घोषणा की, वहीं इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के बात करते हैं, उन्हें बच्चों के बजाय असली युवाओं को सामने लाकर रोजगार पर बात करनी चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गांधीसागर अभयारण्य पहुंचकर मादा चीता CCB-2 को बाड़े में रिलीज किया। इसके साथ ही गांधीसागर में अब चीतों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। सियासी गूंज राहुल गांधी पहले तथ्य जुटाएं, फिर बात करेंसीआरपीएफ ग्राउंड हेलीपैड पर पैर रखते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा में राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "शिक्षा, रोजगार और युवाओं जैसे गंभीर विषयों पर केवल हवा में बातें नहीं होनी चाहिए। राहुल गांधी को किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले पूरी जानकारी और तथ्य जुटाने की जरूरत है। वे बच्चों से संवाद करने का नाटक करने के बजाय वास्तविक युवाओं को मंच पर लाएं और फिर हमसे डेटा के साथ चर्चा करें।
"मांग और तत्काल मंजूरी: विधायक परिहार ने मंच से मांगा स्टेडियम, सीएम ने तुरंत दी हरी झंडी,सीएसवी अग्रोहा भवन में आयोजित 'सेवा से संकल्प' अभिनंदन समारोह के दौरान मंच से राजनीति की एक खूबसूरत तस्वीर दिखी। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक स्टेडियम की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। युवाओं की इस जरूरत को भांपते हुए सीएम डॉ. यादव ने बिना एक पल गंवाए मंच से ही स्टेडियम निर्माण की घोषणा कर दी। स्टेडियम की मंजूरी मिलते ही पूरा अग्रोहा भवन 'मोहन-मोहन' के नारों और तालियों से गूंज उठा।
*गांधीसागर में बढ़ी चीतों की 'ताकत', मादा चीता CCB-2 की एंट्री
नीमच के कार्यक्रमों को पूरा कर मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे रामपुरा क्षेत्र के गांधीसागर अभयारण्य पहुंचे। यहाँ देश के सबसे महत्वाकांक्षी 'प्रोजेक्ट चीता' के दूसरे चरण को गति देते हुए सीएम ने खुद अपने हाथों से मादा चीता CCB-2 को विशेष बाड़े में रिलीज किया। पिंजरा खुलते ही जैसे ही मादा चीता ने छलांग लगाई, पूरा वन अमला और अधिकारी खुशी से झूम उठे। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, इस नई एंट्री के बाद गांधीसागर में चीतों का कुनबा अब 4 हो गया है, जो आने वाले समय में यहाँ इको-टूरिज्म के नए द्वार खोलेगा।
दौरे की 4 बड़ी बातें,
1. पलक-पावड़े बिछाए: हेलीपैड से लेकर सीएसवी अग्रोहा भवन के रास्ते में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने सीएम का फूलों की बारिश कर ऐतिहासिक स्वागत किया।
2. सेवा से संकल्प: मुख्य कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि अधोसंरचना विकास के साथ-साथ पर्यावरण और वन्यजीवों को सहेजने का 'सेवा संकल्प' पूरा कर रही है।
3. रामपुरा में उत्साह: रामपुरा और गांधीसागर के स्थानीय लोगों में चीतों की बढ़ती संख्या और सीएम के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
4. खेलों को रफ्तार: नीमच में बनने वाला नया स्टेडियम क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी एथलीटों के लिए टर्निंग पॉइंट साबित होगा।